Site icon Khabribox

नैनीताल: बगीचे में दादी के साथ घूम रही मासूम बच्ची को गुलदार ने बनाया अपना शिकार, बच्ची की मौत पर परिजनों और ग्रामीणों ने दिया धरना

उत्तराखंड में गुलदार के आतंक से आय दिन दिल दहलाने की खबरें आ रही हैं। गुलदार अधिकतर बच्चों और महिलाओं को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसी ही एक खबर नैनीताल जिले से जुड़ी है। अब एक और मासूम को गुलदार ने निशाना बनाया है। ढिकाल गांव में बगीचे में पांच साल की मासूम बच्ची जो अपनी दादी की उंगली पकड़कर घूम रही थी उस छोटी बच्ची को गुलदार उठा ले गया। दादी ने शोर मचाया तो गुलदार बच्ची को कुछ दूर ले जाकर छोड़ गया।

घायल बच्ची को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गुलदार ने कुछ दूरी पर मासूम बच्ची को छोड़ दिया, लेकिन तब तक उसके पंजे और दांतों से बच्ची बुरी तरह लहूलुहान हो चुकी थी। उसके गर्दन समेत अन्य अंगों पर गहरे घाव थे। परिजन बच्ची को डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

परिजन और ग्रामीणों ने गुलदार को मारने की मांग की

मासूम बच्ची की मौत से गुस्साए परिजन और ग्रामीण बच्ची के शव के साथ गांव की मुख्य सड़क पर जमा हो गए और गुलदार को मारने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा और पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने गुलदार को मारने और शूटर तैनात करने के लिखित आदेश तक शव उठाने से इनकार कर दिया। देर रात तक ग्रामीण धरने पर बैठे रहे।

Exit mobile version