नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है। पहाड़ों के साथ ही गुलदार अब आबादी में भी अपना आतंक मचा रहें हैं। जिससे लोगों में भय बना हुआ है। अब हल्द्वानी से एक मामला सामने आया है।
वृद्धा पर गुलदार ने किया हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नैनीताल के बल्यूटी ग्राम सभा के मोरा तोक निवासी एक वृद्ध महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। यह घटना शनिवार रात की है। जब नैनीताल वन प्रभाग की मनोरा रेंज के अंतर्गत मोरा तोक की निवासी पुष्पा देवी (71) पत्नी स्व. नर सिंह शनिवार रात अपने कमरे में सोई थीं। गर्मी के चलते उन्होंने दरवाजा खोला हुआ था। तभी रात में करीब 10.30 बजे गुलदार कमरे में घुसकर वृद्धा को खींचकर ले गया। शोर करने पर गुलदार पुष्पा देवी को घर से तीन-चार खेत दूर छोड़कर भाग गया। सूचना पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने पुष्पा देवी की तलाश की। करीब एक घंटे बाद वह खेत में लहूलुहान हालत में मिली। वृद्धा के गर्दन, पेट और पैर में गंभीर घाव थे। जिसके बाद उन्हें डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान वृद्धा की मौत हो गई।