Site icon Khabribox

नैनीताल: प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर तोड़ने पर हाईकोर्ट सख्त, दो साल में पुनर्निर्माण के दिए आदेश, एसडीएम करेंगे  निगरानी

​नैनीताल: उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड स्थित जखोल गांव के प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर को तोड़े जाने की घटना पर कड़ा रुख अपनाया है।

की सुनवाई

जिस पर अदालत ने शनिवार को इस मामले में दायर जनहित याचिका का निस्तारण करते हुए अगले दो वर्षों के भीतर मंदिर का पुनर्निर्माण पूरा करने के आदेश दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई की। इस दौरान कहा कि अप्रैल 2025 में मेले के बाद भीड़ द्वारा इस ऐतिहासिक मंदिर को ध्वस्त किया जाना बेहद ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ था। अदालत ने इस पूरी घटना के लिए जिला प्रशासन की उदासीनता को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। साथ ही खंडपीठ ने मामले का निस्तारण करते हुए राज्य के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वे मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए एक पांच सदस्यीय समिति का गठन करें। यह समिति मंदिर की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करेगी, जिसमें निम्नलिखित सदस्य शामिल होंगे।
1. ​प्राचीन मंदिरों के संरक्षण का विशेषज्ञ वास्तुकार
2. ​भूमि विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए नगर नियोजक
3. ​संस्कृति निदेशालय का एक वरिष्ठ ग्रुप-ए अधिकारी
4. ​मंदिर समिति का एक प्रतिनिधि
5. ​संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी (एसडीएम)

​जानेंकैसे शुरू हुआ था विवाद

मंदिर समिति के सचिव रामलाल विश्वकर्मा की ओर से दायर जनहित याचिका में कहा गया था कि ‘हंस फाउंडेशन’ द्वारा स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति को विश्वास में लिए बिना मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जा रहा था। सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि 14 अप्रैल 2025 को मंदिर का मूल ढांचा ध्वस्त कर दिया गया था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और मंदिर समिति के अधिवक्ताओं ने अदालत को अवगत कराया कि याचिका लंबित होने के कारण पुनर्निर्माण का कार्य रुका हुआ था।

​
​दिए यह आदेश

इसके साथ ही हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मंदिर का पूरा निर्माण कार्य संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की निगरानी में कराया जाएगा। इसके साथ ही, अदालत ने एसडीएम को निर्देश दिया है कि ध्वस्त किए गए मंदिर के मलबे से बरामद सभी पुरावशेषों और अन्य ऐतिहासिक सामग्री की एक विस्तृत सूची तैयार की जाए और विधिवत रसीद लेकर उन्हें मंदिर समिति को सौंपा जाए।

Exit mobile version