Site icon Khabribox

नैनीताल: मल्लीताल पुलिस और फायर ब्रिगेड बनी देवदूत, खाई में गिरे युवक का किया रेस्क्यू, बचाई जान

नैनीताल: मल्लीताल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए डीएसबी परिसर के समीप गहरी खाई में गिरे एक युवक को सकुशल रेस्क्यू किया और उसकी जान बचाई।

टीम ने किया रेस्क्यू

जानकारी के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम को शाम के समय सूचना मिली कि डीएसबी परिसर के पास एक व्यक्ति अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई। खाई अत्यधिक गहरी थी और अंधेरा होने के कारण रास्ता बेहद चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद रेस्क्यू टीम ने हिम्मत नहीं हारी और रस्सी व अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से खाई में उतरे। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक अत्यधिक नशे में था, जिस कारण उसका संतुलन बिगड़ा और वह हादसे का शिकार हो गया।

युवक की पहचान

रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान हेरमन ठिठियो (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो झारखंड के गुमला जिले का निवासी है। युवक पिछले कुछ वर्षों से तल्लीताल क्षेत्र के एक चर्च में कार्यरत है। सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उसे तत्काल पुलिस वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई।

रहे शामिल

इस रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने वाली टीम में मल्लीताल कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र जोशी, का. अरविंद चंद, का. शाहिद, का. विजेंद्र धामी और का. सुखदेव (चीता मोबाइल) के साथ मल्लीताल फायर स्टेशन की टीम शामिल रही।

Exit mobile version