Site icon Khabribox

नैनीताल: भ्रामक खबरों का पर्दाफाश: CCTV में देर रात शराब भट्टी में स्वयं पैसे देकर शराब लेता दिखा, दोस्तो संग मौज-मस्ती, पुलिस क्लीन

नैनीताल: खैरना चौकी क्षेत्रांतर्गत एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस पर लग रहे आरोपों पर अब नैनीताल पुलिस ने अपना आधिकारिक पक्ष रखा है।

पुलिस का पक्ष

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए घटनाक्रम की पूरी जानकारी साझा की है और साक्ष्य के रूप में सीसीटीवी फुटेज भी शेयर‌ की है। पुलिस के अनुसार, गत दिवस खैरना चौकी प्रभारी जब टीम के साथ शाम की गस्त पर थे, तब उन्हें बाजार में एक युवक शराब के नशे में अनर्गल बातें करता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने भी युवक के व्यवहार पर आपत्ति जताई थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस युवक को सीएचसी भवाली ले गई, जहाँ मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने उक्त युवक के विरुद्ध ‘पुलिस एक्ट’ के तहत 250 रुपये का चालान किया और उसे उसके जिम्मेदार परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा

​पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोपों के बीच एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो पुलिस की कहानी की पुष्टि करता है। फुटेज में देखा जा सकता है कि पुलिस द्वारा परिजनों के सुपुर्द किए जाने के बाद, युवक अपने दोस्तों के साथ एक शराब की दुकान पर गया। वह स्वयं पैसे देकर शराब खरीदता और साथियों के साथ गाड़ी में बैठकर रात भर पार्टी व मौज-मस्ती करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। नैनीताल पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट है कि पुलिस द्वारा युवक के साथ कोई प्रताड़ना या बदसुलूकी नहीं की गई थी। मामले में पूरी पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच कर रही है। मृतक का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया जाएगा। साथ ही पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि बिना तथ्यों की जांच किए भ्रामक बातों पर विश्वास न करें, फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Exit mobile version