Site icon Khabribox

नैनीताल: चोरों की चाल पर SSP नैनीताल डॉ0 मंजूनाथ टीसी का प्रहार, बंद मकान चोरी का हुआ पर्दाफाश

लालकुआं (नैनीताल): एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस की कार्यवाही

जिस पर पुलिस ने हल्दूचौड़ क्षेत्र के एक बंद मकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है, जबकि उसका एक साथी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
​जानकारी के अनुसार हल्दूचौड़ के अंबिकापुरम निवासी कलावती भट्ट पत्नी स्व. जय किशन भट्ट दो महीने पहले इलाज के सिलसिले में अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था। 4 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में रखे जेवरात और नकदी पार कर दिए। पीड़िता की तहरीर पर लालकुआं थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

दिन में पेंटर बनकर करते थे रेकी

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ विमल प्रसाद और कोतवाल बृजभूषण राणा के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से 19 सितंबर को जयपुरबीसा (हल्दूचौड़) से आरोपी यासीन (35 वर्ष) पुत्र सफी अहमद, निवासी डोंगपुरी (गदरपुर, ऊधम सिंह नगर) को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू के साथ दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने घूम-घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था। रात में करीब 12 से 1 बजे के बीच सन्नाटा होते ही वे सरिये से ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे।

बरामदगी का विवरण

• ​01 सोने की अंगूठी
• ​01 चांदी का मंगलसूत्र, 01 जोड़ी पायल व 02 जोड़ी बिछुए
• ​बेचे गए लॉकेट के 25,000 रुपये नकद

फरार साथी का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास

मामले में शामिल फरार आरोपी आबिद उर्फ लालू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी आबिद का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ हल्द्वानी व लालकुआं थानों में चोरी और नकबजनी के करीब आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम रहीं शामिल

हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, कॉन्स्टेबल गुरमेज सिंह एवं कॉन्स्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे।

Exit mobile version