Site icon Khabribox

नैनीताल: मा. सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का नैनीताल एसएसपी मंजुनाथ टीसी करा रहे सख्ती से पालन

नैनीताल: माननीय सर्वोच्च न्यायालय, उत्तराखंड उच्च न्यायालय और पुलिस मुख्यालय के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद नैनीताल पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ जिलेभर में एक बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस का अभियान

जिस पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों पर सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर नियमों की धज्जियां उड़ाकर बजने वाले तेज आवाज के लाउडस्पीकरों और एम्पलीफायरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी मात्रा में उच्च तीव्रता वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों को जब्त (सीज) किया गया है।‌ एसपी क्राइम और एसपी सिटी के कुशल नेतृत्व में जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग अभियान को तेज कर दिया है। पुलिस द्वारा विशेष रूप से कुछ क्षेत्रों में ध्वनि तीव्रता की गहन जांच की जा रही है। जिसमें धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थल, आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र तथा साइलेंट जोन (जैसे अस्पताल और स्कूल के पास) शामिल हैं।
​कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी जारी

​चेकिंग के दौरान जिन भी स्थानों पर निर्धारित डेसिबल (ध्वनी मानक) से अधिक तेज आवाज पाई जा रही है, वहां तुरंत एक्शन लेते हुए उपकरणों को हटाया और सीज किया जा रहा है। सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नैनीताल पुलिस आम जनता, प्रबंधकों और संबंधित संस्थानों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों व अदालती आदेशों के प्रति जागरूक भी कर रही है, ताकि लोग खुद ही नियमों का पालन करें।

नैनीताल पुलिस की चेतावनी

बिना अनुमति या तय सीमा से अधिक तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण नियमों के तहत बेहद कठोर वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Exit mobile version