Site icon Khabribox

नैनीताल: मल्लीताल के बड़ा बाजार में शार्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, चपेट में आई अन्य तीन दुकानें, हुआ भारी नुकसान

नैनीताल से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल में शार्ट सर्किट के कारण चार दुकानों में भीषण आग लग गई। जिसमें काफी नुकसान होने की खबर सामने आई है।

आग की चपेट में आई चार दुकानें

मिली जानकारी के अनुसार नैनीताल के बाजार में अलसुबह 3 बजे आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यहां बड़ा बाजार क्षेत्र में बेकरी में शार्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। इस आग ने तीन अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग भीषण हो चुकी थी जो बुझ नहीं पाई। जिसके बाद सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर बमुश्किल काबू पाया।

दो दुकान जलकर राख, दो दुकानों में आंशिक नुकसान

बताया गया है कि जिन दुकानों में आग लगी, उनके ठीक ऊपर एक होटल था, जिससे वहां रुके पर्यटकों की जान पर बड़ा खतरा बन गया। हालांकि समय रहते सभी पर्यटकों को बाहर निकाल लिया गया। वहीं राहत और बचाव कार्य में लगे स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार में लगे फायर हाइड्रेंट आग लगने के दौरान पूरी तरह से शोपीस बने रहे और हाइड्रेंट में पानी नहीं चला, जिसके चलते आग फैल गई। इतना ही नहीं बाजार के गेट में बनी सीढ़ियों के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी बाजार के अंदर नहीं जा सकी। जिससे काफी दिक्कतें हुईं। इस घटना से दुकानों को‌ काफी नुकसान की खबर है।

Exit mobile version