नैनीताल: जनपद नैनीताल के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अर्पण यदुवंशी (IPS) ने कार्यभार संभालते ही अपने तेवर स्पष्ट कर दिए हैं। कमान ग्रहण करने के बाद उन्होंने देर रात तक जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना, चौकी और शाखा प्रभारियों के साथ परिचयात्मक व समीक्षा बैठक की।
की समीक्षा बैठक
इस बैठक के बाद एसएसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
गोष्ठी की शुरुआत में एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने सभी अधिकारियों से रूबरू होते हुए उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशीलता, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि जनता का विश्वास जीतना, अधीनस्थों का मनोबल बढ़ाना और टीम भावना से कार्य करना ही बेहतर पुलिसिंग की कुंजी है।
पर्यटन नगरी की गरिमा के अनुरूप हो व्यवहार
एसएसपी ने कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थल है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु और सैलानी आते हैं। ऐसे में पुलिस का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और जनहितकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि थाना, चौकी या कार्यालय में आने वाले हर फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर उसका शत-प्रतिशत निस्तारण किया जाए। पुलिस विभाग में अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए एसएसपी ने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधीनस्थों को विश्वास में लें, ताकि कोई भी कार्मिक बिना किसी झिझक के सीधे उनके समक्ष अपनी समस्या रख सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का हरसंभव समाधान किया जाएगा और आने वाली चुनौतियों का सामना सामूहिक प्रयासों से किया जाएगा।
पुलिस मैस का औचक निरीक्षण
देर रात चली बैठक के उपरांत एसएसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छता और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रहे मौजूद
इस बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, सीओ भवाली अंजना नेगी, सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ भवाली विनय सिंह, सीओ ऑप्स नैनीताल समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना, चौकी व शाखा प्रभारी, प्रधान लिपिक, एकाउंटेंट, आशुलिपिक और पीआरओ मौजूद रहे।