Site icon Khabribox

नैनीताल: ‘रिफॉर्म उत्सव’ से हाई-टेक और पारदर्शी‌ होगी प्रशासनिक व्यवस्था, डीएम ने जनता की मांगी राय

नैनीताल: भारत सरकार की राष्ट्रव्यापी पहल ‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत नैनीताल जिले में प्रशासनिक सुधारों को गति देने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

दी यह जानकारी

जानकारी के अनुसार इस संबंध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य हितधारकों के सुझावों के आधार पर सरकारी सेवाओं और प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल व्यक्तिगत शिकायतों के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका लक्ष्य ऐसे बड़े सुधारात्मक कदम उठाना है, जिनका लाभ व्यापक स्तर पर आम जनता को मिल सके।

चार चरणों में चलेगा ‘रिफॉर्म उत्सव’

• ​प्रचार-प्रसार चरण (11 सितंबर से): आम जनता को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाया जाएगा।
• ​जन मंथन चरण (2 से 31 अक्टूबर): ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों के जरिए नागरिकों से सीधे सुझाव एकत्र किए जाएंगे।
• ​विचार-विमर्श व वर्गीकरण (10 अक्टूबर से 30 नवंबर): प्राप्त सुझावों की विभागीय समीक्षा कर उन्हें तात्कालिक और मध्यम अवधि के सुधारों में बांटा जाएगा।
• ​जन समाधान चरण (10 अक्टूबर से 20 दिसंबर): चयनित सुझावों को लागू करने, विभागीय जिम्मेदारी तय करने और उनकी प्रगति की निगरानी पर काम होगा।
• ​संकल्प सिद्धि समारोह (25 से 27 दिसंबर): समापन समारोह में लागू किए गए सफल सुधारों और उनके सकारात्मक परिणामों को प्रदर्शित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने की यह अपील

​जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आम नागरिकों, पंचायतीराज संस्थाओं, निकायों, शिक्षण संस्थानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों और व्यापारिक संगठनों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
​प्रक्रियागत जटिलताओं को दूर करने और योजनाओं में पारदर्शिता लाने से संबंधित सुझाव ‘जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, नैनीताल’ को भेजे जा सकते हैं।

Exit mobile version