Site icon Khabribox

नैनीताल: फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र घोटाले का चौंकाने वाला खुलासा, हत्या के आरोपी को मृत दिखाकर जारी किया गया था प्रमाण पत्र, दर्ज हुई एफआईआर

नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल जिले में एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर संदिग्ध गतिविधियों पर गहनता से कार्यवाही की जा रही है।

चौंकाने वाली बात सामने आई

इसी क्रम में थाना बनभूलपुरा पुलिस ने फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। जिसमे पुलिस को शिकायत मिली कि बनभूलपुरा कब्रिस्तान कमेटी के कुछ पदाधिकारियों द्वारा मोटी रकम लेकर जीवित व्यक्तियों और अन्य राज्यों में मृत व्यक्तियों के नाम पर झूठी एवं कूट रचित रसीदें तैयार कर हल्द्वानी नगर निगम से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराए जा रहे थे। जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। जिसमें एक हत्या का आरोपी जिसे न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा दी जा चुकी है और जो वर्तमान में जमानत पर है, उसे मृत दिखाकर उसके नाम पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया।

गहन जांच के निर्देश दिए

जिसके बाद इस मामले के संज्ञान में आते ही एसएसपी द्वारा समस्त संदिग्ध प्रकरणों की गहन जांच के निर्देश दिए गए। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर नगर निगम हल्द्वानी को विस्तृत रिपोर्ट प्रेषित की गई। वहीं इस मामले में नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं रजिस्ट्रार जन्म एवं मृत्यु, मनोज कांडपाल द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर कब्रिस्तान कमेटी के पदाधिकारी इकबाल अंसारी, उनके पुत्र तनवीर अहमद एवं अन्य के विरुद्ध थाना बनभूलपुरा में एफआईआर पंजीकृत की गई है।

Exit mobile version