Site icon Khabribox

नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. की दोटूक: त्योहारों और विधानसभा सत्र में सुरक्षा में कोताही बर्दाश्त नहीं, लापरवाही पर थाना प्रभारियों को दी यह चेतावनी

​हल्द्वानी: आगामी धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और विधानसभा सत्र के मद्देनजर नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसे लेकर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने हल्द्वानी कोतवाली मीटिंग हॉल में सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना-शाखा प्रभारियों के साथ एक उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक की।

की समीक्षा बैठक

इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को कड़ी हिदायत दी गई है। एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के अवसर पर बाजारों, पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और नियमित गश्त सुनिश्चित हो। इसके साथ ही, आगामी विधानसभा सत्र के मद्देनजर सघन चेकिंग, सत्यापन अभियान चलाने और होटल-रेस्टोरेंट की नियमित जांच करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। मादक पदार्थों और अवैध शराब तस्करों की अब खैर नहीं होगी। पुलिस को नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों की जांच कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध जुआ और सट्टे के कारोबार पर तुरंत रोक लगाने के लिए दबिश देने और वैधानिक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। पटाखा बाजारों में फायर ब्रिगेड को अलर्ट रखने और हल्द्वानी की ठंडी सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर जाम लगाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।

​लापरवाही पर बरसे एसएसपी

बैठक के दौरान गश्त, चेकिंग, सत्यापन और अपराध नियंत्रण में ढिलाई बरतने वाले थाना और चौकी प्रभारियों पर एसएसपी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी प्रभारी अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाएं।

​उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

समीक्षा बैठक के दौरान उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के 36 अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
• ​विशिष्ट सम्मान: गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा फायरमैन सुखदेव सिंह को विशिष्ट कार्य हेतु ‘DG–FS Disc bronze’ एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा लीडिंग फायरमैन राजकुँवर सिंह और कांस्टेबल चन्दन मर्तोलिया को ‘महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर’ से नवाजा गया।
• ​बेस्ट एम्प्लॉई: विभिन्न थानों और शाखाओं के 33 पुलिसकर्मियों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए “Best Employee of the month” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
​
रहें मौजूद

इस बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, समस्त क्षेत्राधिकारी (CO), मुख्य अग्निशमन अधिकारी और जनपद के सभी थाना-शाखा प्रभारी मौजूद रहे। 

Exit mobile version