नैनीताल: नैनीताल में आज दिनांक 21.06.2026 को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET पुनर्परीक्षा, जनपद नैनीताल में कड़े सुरक्षा पहरे व सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जा रही है।
पुलिस अलर्ट मोड पर
SSP नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टी०सी० स्वयं हल्द्वानी के एम० बी०पी० जी० कॉलेज, खालसा नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, गवर्नमेंट इंटर कॉलेज राजपुरा सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर ड्यूटीरत पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल/CAPF की तैनाती की गई है। सभी पुलिस कर्मियों को अलर्ट मोड पर रहकर अपनी ड्यूटी करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। सघन चेकिंग अभियान के तहत परीक्षार्थियों को DFMD, HHMD से फ्रिस्किंग प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रवेश पर सख्त रोक लगाई गई। जनपद एलआईयू, साईबर टीम एवं एसओजी लगातार सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए है। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के भीतर CCTV कैमरों एवं वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी सुपर/जोनल एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमणशील हैं। सभी परीक्षा केंद्रों का बारिकी से निरीक्षण किया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों की परिधि के सभी स्थानों में प्रत्येक गतिविधि पर सतर्कता बरती जा रही है।
एसएसपी का संदेश
सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। SSP नैनीताल ने स्पष्ट किया है कि “परीक्षा की निष्पक्षता, शुचिता और पारदर्शिता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। नैनीताल पुलिस हर स्थिति से निपटने और सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।”