नैनीताल: पुलिस बल की फिटनेस, अनुशासन और शस्त्र संचालन की दक्षता को परखने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन नैनीताल में भव्य साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया।
किया सम्मानित
इस मौके पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों को हर चुनौती के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार रहने का आह्वान किया। परेड के दौरान जवानों की ड्रिल और वैपन हैंडलिंग (शस्त्र संचालन) पर विशेष ध्यान दिया गया। शानदार प्रदर्शन करने वाले जवानों को एसएसपी ने मौके पर ही सम्मानित किया। महिला आरक्षी भूमिका थापा और कांस्टेबल टीपी कृष्ण कुमार को शस्त्र संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु पुरस्कृत किया गया। गार्द कमांडर और सलामी गार्द को उनके बेहतरीन टर्नआउट और सटीक कमांड के लिए नकद पुरस्कार दिया गया।
किया निरीक्षण
परेड में जनपद के थानों, फायर सर्विस, सीपीयू, यातायात पुलिस, महिला पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड की टोलियों ने अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही एसएसपी ने पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट्स की GTC ट्रेनिंग का भी जायजा लिया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मैस में ‘पहाड़ी व्यंजन’ और वाहनों की फिटनेस पर जोर
परेड के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। मैस प्रभारी को सख्त निर्देश दिए गए कि जवानों को ताजी सीजनल सब्जियों के साथ-साथ शुद्ध पहाड़ी व्यंजन और पौष्टिक भोजन परोसा जाए। एमटी शाखा के निरीक्षण के दौरान सरकारी वाहनों की लॉग बुक और मेंटेनेंस की समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सभी वाहन सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप फिट होने चाहिए। पुलिस और सीपीसी कैंटीन की व्यवस्थाओं को भी परखा गया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को शस्त्र चलाने में दक्ष होना चाहिए। विशेषकर महिला कर्मियों को सशक्त बनकर हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।
रहें मौजूद
इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे और प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।