Site icon Khabribox

नैनीताल: ये नैनीताल पुलिस है, यहाँ ट्रैक्टर से हमला नहीं ‘सिस्टम’ चलता है

नैनीताल: हल्द्वानी के चकलुवा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को कार समेत ट्रैक्टर से रौंदकर जान से मारने की कोशिश करने वाले आरोपी को कालाढूंगी पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

जानें मामला

यह घटना मंगलवार, 31 मार्च की रात करीब 9:30 बजे की है। लच्छमपुर निवासी हिमांशु देऊपा अपनी नई कार से चकलुवा स्थित पहाड़ी ढाबे पर खाना खाने गए थे। इसी दौरान प्रतापपुर निवासी प्रवीण सिंह देऊपा ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ट्रैक्टर से हिमांशु की कार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि प्रवीण ने जान से मारने की नीयत से कार पर कई बार ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हिमांशु व उसका साथी घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया था।

​पुलिस की कार्रवाई

​एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल एसपी सिटी और एसपी क्राइम को गिरफ्तारी के निर्देश दिए। कालाढूंगी थाना प्रभारी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का मुआयना किया। CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार, 1 अप्रैल को नैनीताल मार्ग से आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ, जिसके लिए उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से खनन सामग्री (सस्ता/महंगा डालने) को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी का पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत आपराधिक इतिहास रहा है।

​एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। सरेआम जानलेवा हमला करने और अवैध असलहे रखने वाले अराजक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। व्यापारिक विवाद को अपराध में बदलने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।

रहें शामिल

​पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक पंकज जोशी, एसओजी प्रभारी राजेश जोशी, चौकी प्रभारी बैलपड़ाव राजवीर नेगी सहित अन्य कांस्टेबल शामिल रहे।

Exit mobile version