Site icon Khabribox

नैनीताल वीकेंड ट्रैफिक अपडेट: कल और 18 अक्टूबर को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र के लिए नया ट्रैफिक प्लान जारी, घर से निकलने से पहले जरूर‌ पढ़े यह डायवर्जन रूट

​नैनीताल: आगामी वीकेंड (17 और 18 अक्टूबर 2026) को श्री कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने और जाम से निजात पाने के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है।


​भारी वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक

​प्रशासन के आदेशानुसार, वीकेंड के दौरान सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रातः 03:00 बजे से रात्रि 23:00 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे सभी भारी वाहनों को जनपद बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा।


​बसों और चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान (प्रातः 05:00 से रात्रि 20:00 बजे तक)

• ​मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की तरफ जाने वाले वाहन वाया लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य को पहुंचेंगे। वहीं, रानीखेत की ओर से आने वाले वाहन वाया क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते जाएंगे।
• ​पहाड़ों की ओर जाने वाले वाहन: हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी इलाकों से अल्मोड़ा, बागेश्वर आदि की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड (भीमताल) से धारी और धानाचूली बैंड होते हुए गुजरेंगे। इसके अलावा, काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना जाने वाले वाहन सैनिटोरियम से वाया रातीघाट मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

​पर्यटकों के वाहनों के लिए पार्किंग और शटल सेवा व्यवस्था

•  ​भीमताल रूट से आने वाले पर्यटक: बाहरी जनपदों व राज्यों से जो पर्यटक अपने निजी वाहनों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम मंदिर जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। इसके बाद पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर दर्शन के लिए भेजा जाएगा।
•  ​गेठिया/नैनीताल रूट से आने वाले पर्यटक: जो पर्यटक गेठिया या नैनीताल के रास्ते कैंची धाम पहुंचेंगे, उनके वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से भी मंदिर दर्शन के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
• ​टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर रोक: वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
​

Exit mobile version