नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल जिले में आज दिनांक 21 दिसंबर 2024 “विश्व ध्यान दिवस” (World Meditation Day) के अवसर पर एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा कोतवाली हल्द्वानी परिसर के सभागार में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारियों और पुलिस कर्मियों के साथ सामूहिक मेडिटेशन सत्र का आयोजन किया।
मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना उद्देश्य
इस आयोजन का उद्देश्य पुलिस विभाग के कर्मचारियों को मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। पुलिस स्टाफ हेतु “सहज योग” परिवार के कर्नल वीरेंद्र तिवारी व अन्य सदस्यों हेम तिवारी, अपराजिता, आशीष, हर्षित, नैंसी, तृप्ति द्वारा “सहज योग” विधि द्वारा सामूहिक आत्म साक्षात्कार का एक सुंदर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें गहन शांति एवं परम चैतन्य की सुख सुंदर अनुभूति प्राप्त हुई।
ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का लिया संकल्प
योग प्रशिक्षक कर्नल वी के तिवारी द्वारा बताया गया कि परम पूज्य माता निर्मला देवी द्वारा वर्ष 1970 में सहज योग की शुरुआत की गई थी और आज सम्पूर्ण विश्व में लगभग 150 से अधिक देशों में लोग सहज योग ध्यान से लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सकारात्मक सोच के लिए सहज योग ध्यान बहुत कारगर है। सभी कर्मचारियों ने इस सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया और मेडिटेशन के लाभों को महसूस किया। इस सत्र के अंत में, सभी ने अपने कार्यस्थल और जीवन में मानसिक संतुलन और शांति बनाए रखने के लिए ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।