सिनेमाघरों में अवतार 2 ने धूम मचाई हुई है। हॉलीवुड की बड़ी फिल्म ‘अवतार 2’ का इंडिया में जबरदस्त क्रेज चल रहा है। कई जगह थिएटर्स में फिल्म के शो खूब भरे हुए चल रहे हैं। जिसके बाद जेम्स कैमरून की अवतार 2 इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। अवतार 2 इस साल भारत में रिलीज हुईं हॉलीवुड फिल्मों में सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बन चुकी है।
फिल्म ने ओपनिंग डे में तोड़े रिकॉर्ड
यह फिल्म कमाई में भी रिकॉर्ड बना रही है। अवतार द वे ऑफ वाटर भारत और अमेरिका में 16 दिसम्बर को रिलीज हुई थी। फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में 134 मिलियन डॉलर और 300 मिलियन डॉलर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जमा किये, जिसे मिलाकर अवतार 2 का वर्ल्डवाइड ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 434.5 मिलियन डॉलर रहा, जिसे भारतीय मुद्रा में बदलने पर लगभग 3598 करोड़ रुपये बनते हैं। वहीं, भारत में भी फिल्म को काफी पसंद किया जा रहा है।
मां के सपने में आई थी नीली लड़की
इस फिल्म की कहानी का आइडिया डायरेक्टर जेम्स कैमरून को टाइटैनिक बनाने से भी पहले आया था। दरअसल जेम्स की मां शर्ली कैमरून ने एक सपना देखा था, जिसमें उन्होंने एक नीले रंग की लड़की को देखा जिसकी लंबाई करीब 12 फीट थी। मां ने जेम्स को ये सपना सुनाया तो उन्हें एक ऐसे ग्रह की कहानी का आइडिया आया जिस पर नीले रंग के लोग रहते हैं, जिनकी ऊंचाई 10 से 12 फीट की होती है। हालांकि उन्होंने पहले टाइटैनिक बनाई और इसके 12 साल बाद 2009 में आई फिल्म अवतार और 13 साल बाद अब इसका दूसरा पार्ट रिलीज हुआ।
पानी के नीचे होने वाली जंग की हैरतअंगेज दास्तां

फिल्म ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ पेंडोरा की संपदा को बचाने और पेंडोरा वासियों के पारिवारिक व सामाजिक मूल्यों की कहानी कहती है। अवतार पार्ट वन में दिखाया गया था कि इंसान अपने स्वार्थ के लिए पेंडोरा वासियो जैसे लोगों के अवतार को तैयार करते हैं, जिन्हें प्रयोगशाला से नियंत्रित किया जाता था। उस फिल्म के अंत तक पहुंचते-पहुंचते मुख्य किरदार जेक सली अपने मूल इंसानी शरीर से अलग हो जाता है और नावी की दुनिया का हिस्सा बन जाता है। वहीं उसे पेंडोरा की नेतिरी से प्यार हो जाता है, जिसके बाद वह पति-पत्नी बन चुके हैं। अब कहानी दस साल आगे बढ़ गई है और उनके परिवार में चार सदस्य और आ चुके हैं। वहीं फिल्म के शानदार विजुअल, पानी के भीतर के दृश्य और बेहतरीन सिनेमैटोग्राफी देखकर किसी के लिए भी पलके झपकाना मुश्किल है।