Site icon Khabribox

22 जनवरी: आज से माघ गुप्त नवरात्रि शुरू, देवी के नौ रूपों का होगा पूजन, जानें घटस्थापना का शुभ मुहूर्त

आज 22 जनवरी 2023 है। आज से गुप्त नवरात्रि शुरू हो गई है। चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि के अलावा दो बार गुप्त नवरात्रि भी आते हैं। गुप्त नवरात्रि माघ और आषाढ़ मास में आते हैं।

गुप्त नवरात्रि

हिंदू पंचांग के अनुसार माघ मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से गुप्त नवरात्रि पर्व की शुरुआत होती है। इस साल 22 जनवरी 2023, रविवार से गुप्त नवरात्रि शुरू होगी और नौ दिन के दौरान मां दुर्गा के 9 अवतारों की आराधना की जाती है। इस साल गुप्त नवरात्रि 22 जनवरी से 30 जनवरी तक रहेगी। गुप्त नवरात्रि गोपनीय साधनाओं के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसमें शक्तियों को प्राप्त किया जा सकता है।

सुबह-शाम करें सप्तशती पाठ

गुप्त नवरात्रि के नौ दिनों में भी मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। ज्योतिष महर्षि पंडित प्रकाश जोशी के अनुसार गुप्त नवरात्रि में नौ दिन के लिए कलश स्थापना की जा सकती है। यदि कलश की स्थापना की है तो सुबह-शाम मंत्र जाप, चालीसा या सप्तशती का पाठ करें। दोनों ही समय आरती करना भी अच्छा होगा। मां को दोनों समय भोग भी लगाएं। माघ गुप्त नवरात्रि में साधकों को नियमों के साथ कुछ विशेष मंत्रों का भी ध्यान रखना चाहिए, जिनका उच्चारण करने से मां भगवती प्रसन्न हो जाती है और भक्तों को सुख एवं समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। ऐसे में साधकों को माघ नवरात्रि का शुभारंभ दुर्गा चालीसा के पाठ से अवश्य करना चाहिए।

जानें माघ गुप्त नवरात्रि में घटस्थापना का मुहूर्त

गुप्त नवरात्रि की घटस्थापना प्रतिपदा तिथि को की जाती है।‌ हिंदू पंचांग के अनुसार, माघ माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 22 जनवरी को रात 02 बजकर 22 मिनट से लेकर 22 जनवरी को रात 10 बजकर 27 मिनट तक रहेगी। ऐसे में घटस्थापना 22 जनवरी की सुबह ही की जाएगी। इस दिन घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 09 बजकर 59 मिनट से लेकर सुबह 10 बजकर 46 मिनट तक रहेगा।

Exit mobile version