Site icon Khabribox

भारत के सूरज मिशन आदित्य एल-1 ने बढ़ाया सूरज की ओर तीसरा कदम, इसरो ने दी जानकारी

देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी ही खबर हम आपके सामने लाए हैं। भारत का मिशन चंद्रयान-3 सफल रहा। जिसके बाद अब देश की नजरें भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो के सौर मिशन आदित्य एल1 पर है।

इसरो ने साझा की तस्वीर

वहीं अब सौर मिशन आदित्य एल-1 ने सूरज की ओर तीसरा कदम बढ़ा लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसरो के सोलर मिशन आदित्य एल-1 ने पृथ्वी की कक्षा का तीसरा चक्कर (मैन्यूवर) पूरा कर लिया है। तीसरे मैन्यूवर के बाद अब आदित्य एल-1 296x 71,767 किलोमीटर की अंडाकार कक्षा में चक्कर काट रहा है। यानी इसरो का ‘सोलर यान’ अब पृथ्वी से सबसे निकटतम 296 किलोमीटर और सबसे अधिकतम 71,767 किलोमीटर की दूरी पर है। इस संबंध में आज रविवार को इसरो ने जानकारी दी। इस संबंध में स्पेस एजेंसी ने एक्स पर लिखा, “रविवार का ऑपरेशन 2.30 बजे पूरा हुआ। मॉरीशस, बेंगलुरु, एसडीएससी-शार (श्रीहरिकोटा) और पोर्ट ब्लेयर के ग्राउंड स्टेशनों ने इस ऑपरेशन के दौरान उपग्रह को ट्रैक किया।” वहीं कुछ दिनों पहले आदित्य एल-1 ने सेल्फी भी ली थी। जिसकी अद्भुत तस्वीर इसरो ने साझा की थी।

02 सितंबर को किया गया था लांच

रिपोर्ट्स के मुताबिक बताया गया है कि आदित्य एल-1 को 02 सितंबर को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था। 128 दिन की अंतरिक्ष की यात्रा पूरी करने के बाद आदित्य एल-1 पृथ्वी से 15 लाख किलोमीटर दूर लैग्रेंजियन पॉइंट के हेलो ऑर्बिट में स्थापित किया जाएगा। आदित्य एल1 पर लगे पेलोड सूरज की रोशनी, प्लाज्मा और चुंबकीय क्षेत्र का अध्ययन करेंगे।

Exit mobile version