Site icon Khabribox

टीम इंडिया की एतिहासिक उपलब्धि, आस्ट्रेलिया को पहले वनडे में हराकर बनी तीनों फॉर्मेट में नंबर-1

देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। क्रिकेट जगत से जुड़ी खबर सामने आई है। भारत और ऑस्ट्रेलिया की तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत ने शानदार प्रदर्शन के साथ एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है।

वर्ल्ड कप से पहले भारत का जलवा

आस्ट्रेलिया के साथ पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने 5 विकेट से जीत दर्ज की है। यह मैच 22 सितंबर (शुक्रवार) को मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को जीत के लिए 277 रनों का टारगेट था, जिसे उसने 8 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, मोहम्मद शमी ने चटकाए सबसे ज्यादा विकेट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें में भारत के लिए शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए. वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने 71, केएल राहुल ने नाबाद 58 और सूर्यकुमार यादव ने 50 रन बनाए। गिल और ऋतुराज ने पहले विकेट के लिए 142 रनों की साझेदारी की। केएल राहुल ने सीन एबॉट की गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई‌। वहीं मोहम्मद शमी ने एक खूबसूरत गेंद पर मिचेल मार्श (4) को कैच आउट करा दिया। इसके बाद डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ ने दूसरे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की, जिसे रवींद्र जडेजा ने 19वें ओवर में तोड़ा. जडेजा ने गिल को शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराया। वॉर्नर ने 53 गेंद पर 52 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। फिर शमी ने अपने दूसरे स्पैल में क्रीज पर अच्छा समय बिता चुके स्टीव स्मिथ (41 रन) को चलता कर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को दबाव में ला दिया। बाद में विकेटकीपर जोस इंगलिस (45 रन) और मार्कस स्टोइनिस (29 रन) ने छठे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर टीम को 250 के करीब पहुंचाया। इस साझेदारी को शमी ने 47वें ओवर में स्टोइनिस को बोल्ड कर तोड़ा। अगले ओवर में बुमराह ने इंगलिस को अय्यर के हाथों कैच कराया। शमी ने आखिरी ओवरों में स्टोइनिस के अलावा मैथ्यू शॉट और सीन एबॉट को भी पवेलियन की राह दिखाई। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने नौ गेंद में नाबाद 21 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को 276 रनों के स्कोर तक पहुंचाया।‌भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा पांच विकेट हासिल किए। वहीं बुमराह, अश्विन और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

मोहम्मद शमी का कारनामा

रिपोर्ट्स के मुताबिक गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने नई बॉल से जमकर कहर बरपाया और पांच कंगारू बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। शमी को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड से भी नवाजा गया। इससे पहले पिछले 16 साल में कोई भी भारतीय गेंदबाज नहीं कर सका था। इससे पहले साल 2007 में जहीर खान ने भारत की धरती पर एक ही वनडे मैच में पांच विकेट झटके थे। मोहम्मद शमी भारत में कंगारू टीम के खिलाफ एक वनडे में पांच विकेट लेने वाले सिर्फ तीसरे ही तेज गेंदबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा महज कपिल देव और अजीत आगरकर ही कर सके हैं।

इस दिन होगा दूसरा मुकाबला

वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 24 सितंबर को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारतीय टीम ने दर्ज की शानदार उपलब्धि

इसके साथ ही इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में नंबर-1 बन गई है। भारत आईसीसी की टी20 और टेस्ट रैंकिंग में पहले ही नंबर-1 पर थी। अब उसने वनडे रैंकिंग में भी पहला स्थान हासिल करके यह खास उपलब्धि हासिल की। भारत ऐसी दूसरी टीम है जिसने एक ही समय में तीनों फॉर्मेट में नंबर-1 का तमगा हासिल किया. इससे पहले साउथ अफ्रीका ही ऐसा कर पाई थी। साउथ अफ्रीका ने 28 अगस्त 2012 को यह उपलब्धि हासिल की थी।

Exit mobile version