उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार की ‘खेल नीति-2021’ के तहत अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों के लिए विभिन्न सरकारी विभागों में सीधी भर्ती (आउट ऑफ टर्न समायोजन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खेल निदेशालय, उत्तराखंड द्वारा इस संबंध में विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है।
आवेदन शुरू
जिसमें खेल विभाग, युवा कल्याण, गृह, वन, माध्यमिक शिक्षा एवं परिवहन विभाग में राजपत्रित और अराजपत्रित पदों पर योग्य खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
• आवेदन प्रारंभ तिथि: 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) से प्रातः 10:00 बजे।
• आवेदन की अंतिम तिथि: 09 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) सायंकाल 05:00 बजे तक।
• आवेदन का माध्यम: उम्मीदवार ऑफलाइन माध्यम से स्वयं जाकर या पंजीकृत डाक/कोरियर के माध्यम से अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद मिलने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
देखें दिशा-निर्देश
• मूल निवासी: केवल उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासी खिलाड़ी ही इस योजना के लिए पात्र होंगे।
• समय सीमा: 25 सितंबर 2021 से 25 सितंबर 2026 के बीच आयोजित निर्धारित राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं (डेमो खेलों को छोड़कर) में पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ी ही आवेदन कर सकते हैं।
• प्रमाण पत्र: अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आधार पर आवेदन करने वाले खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से पूर्व नेशनल गेम्स में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।
• विभाग की वरीयता: आवेदकों को अपनी पसंद के विभागों का वरीयता क्रम (Preference) आवेदन पत्र में देना होगा।
यहाँ भेजें आवेदन
आवेदकों को अपने सभी शैक्षणिक, खेल, स्थायी निवास और चरित्र प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित (Self-Attested) छायाप्रतियों के साथ अपना आवेदन सीधे ‘निदेशक, खेल निदेशालय, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर, रायपुर, देहरादून’ के पते पर जमा करना होगा।