Site icon Khabribox

पिथौरागढ़: आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटा प्रशासन, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

पिथौरागढ़ जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में प्रशासन जुट गया है। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रताप सिंह शाह की ने यहां अधिकारियों की बैठक ली व तैयारी को लेकर दिशा निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में हुई बैठक में आगामी लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। शाह ने आगामी लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों की जानकारी दी।

मतदाता सूची को बनाया जाए पारदर्शी -प्रताप सिंह शाह

उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग बहुत ही गंभीर है। आयोग का विशेष फोकस आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने पर है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए यह आवश्यक होगा कि मतदाता सूची को पारदर्शी बनाया जाय। मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए बूथवाईज टीमों का गठन किया जाए। कहा कि टीम संबंधित बूथ क्षेत्र में मतदाताओं के समक्ष मतदाता सूची में दर्ज लोगों के नाम पढ़कर सुनाएगी। ऐसा करने से संबंधित क्षेत्र के मृतक मतदाताओं अथवा अन्यत्र निवास करने वाले मतदाताओं की जानकारी स्थानीय लोगों से मिल सकेग।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी के बताए गए सुझावों पर डीएम ने अधिकारियों को अमल करने के दिए निर्देश

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए यह भी आवश्यक होगा कि स्वीप कार्यों की कार्ययोजना का निर्माण भी बेहतर ढंग से किया जाय। जिन बूथों पर पिछली बार कम वोट पड़े हैं वहां के लिए विशेष कार्य योजना बनाई जाय तथा स्वीप संबंधी कार्य अभी से प्रारंभ किए जाएं। शाह ने कहा कि जनपद के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों का चयन औचित्य पूर्ण आधार पर किया जाए। जनपद के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों के चयन का कारण भी स्पष्ट किया जाय। शाह ने कहा कि स्वीप व पुनरीक्षण आदि कार्यों के लिए अभी से नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नामित करते हुए उनके दायित्व निर्धारित कर दिए जाएं। जिलाधिकारी रीना जोशी ने सभी संबंधित अधिकारियों को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी के बताए गए सुझावों पर अमल करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपस्थित रहे

बैठक में अपर जिलाधिकारी फिंचाराम चौहान, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version