पिथौरागढ़: जनपद के नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जे. एस. चुफाल ने कार्यभार संभालते ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है।
किया निरीक्षण
इसी क्रम में उन्होंने डीडीहाट क्षेत्र की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक भी मौजूद रहे। औचक निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने मुख्य रूप से चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जाँच की। अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति देखी। चिकित्सालय परिसर और वार्डों में साफ-सफाई के मानकों का जायजा लिया। अस्पताल में आने वाले मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को परखा।
लापरवाही पर दी यह चेतावनी
निरीक्षण के बाद अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए डॉ. चुफाल ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों में बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा से तैनात रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी कार्मिक बिना उचित पूर्व सूचना के अपने ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित नहीं रहेगा।