पिथौरागढ़: बरम-कनार सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का धरना और भूख हड़ताल मंगलवार को समाप्त हो गई। प्रशासन द्वारा वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताएं शुरू किए जाने और सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद आंदोलनकारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए अपना आंदोलन खत्म किया।
आन्दोलन समाप्त
इस मौके पर पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान स्थित धरना स्थल पर पिछले कई दिनों से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग को लेकर डटे हुए थे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन और जिला प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में जिला प्रशासन ने सड़क निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण की आवश्यक औपचारिकताओं को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। वहीं आज मंगलवार को जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, पीएमजीएसवाई धारचूला के अधिशाषी अभियंता किशन सिंह ऐरी और उप प्रभागीय वनाधिकारी सहित अन्य अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने भी अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
रहें मौजूद
प्रशासन की कार्रवाई और गंभीरता पर संतोष जताते हुए ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा धरना समाप्त करने की घोषणा की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह परिहार, ग्राम प्रधान सरिता देवी, ग्रामीण भरत सिंह, चंद्र सिंह, पार्वती देवी, बीरमा देवी, तुलसी देवी और प्रकाश परिहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।