Site icon Khabribox

पिथौरागढ़: सीमांत क्षेत्र में अवैध सिम रैकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार, फर्जी सिम बेचने वाला अभियुक्त हुआ गिरफ्तार

पिथौरागढ़: सीमांत क्षेत्र में साइबर ठगी और सुरक्षा खतरों पर अंकुश लगाने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस की कार्यवाही

जिसमें SOG और थाना धारचूला पुलिस की संयुक्त टीम ने कस्बा धारचूला में छापेमारी कर फर्जी आईडी के जरिए सिम कार्ड एक्टिवेट करने वाले एक अभियुक्त को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त संतोष प्रसाद बगौली (निवासी ग्राम सेली, जुम्मा, धारचूला) फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड बेच रहा था। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 3 अवैध प्री-एक्टिवेटेड सिम (Vi) और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस मामले में कोतवाली धारचूला में धारा 318(4) BNS और धारा 42 दूरसंचार अधिनियम (Telecommunications Act), 2023 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अब तक 1100 से अधिक सिम जब्त

साइबर ठगी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में पुलिस अब तक 5 POS एजेंटों पर शिकंजा कस चुकी है। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा कुल 1183 सिम कार्ड, 7 मोबाइल फोन और 63 पहचान पत्र (आधार कार्ड) जब्त किए जा चुके हैं। इसके साथ ही 95 संदिग्ध सिम और 157 फोन ब्लॉक कराए गए हैं।

पुलिस टीम रहीं शामिल

कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम में SOG प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी, धारचूला प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल गोविंद रौतेला, कमल सिंह, मुकेश कुमार, भावेश तिवारी और चालक सोनू कार्की शामिल रहे।

Exit mobile version