पिथौरागढ़: सहारा इंडिया में अपनी गाढ़ी कमाई जमा करने वाले निवेशकों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। पिथौरागढ़ में सहारा इंडिया के निवेशकों ने एकत्रित होकर पुलिस को एक शिकायती पत्र सौंपा है।
की यह मांग
जिसमें कंपनी प्रबंधन पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल भुगतान कराने की मांग की गई है। पुलिस को सौंपे गए पत्र में निवेशकों ने अपनी पीड़ा व्यक्त की है। निवेशकों का कहना है कि उनकी जमा राशियों की समयावधि (मैच्योरिटी) पूरी हो चुकी है। इसलिए उन्हें उनकी कुल धनराशि ब्याज सहित वापस दिलाई जाए। निवेशकों ने आरोप लगाया कि विभिन्न स्कीमों के तहत जमा की गई उनकी धनराशि का समय पूरा होने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर आम जनता के साथ एक बड़ा धोखा और वित्तीय धोखाधड़ी है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
निवेशकों ने पुलिस प्रशासन को दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और निवेशकों की परिपक्वता धनराशि वापस नहीं दिलाई गई, तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने साफ कहा कि भुगतान न होने की स्थिति में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
रहें उपस्थित
इस शिकायती पत्र को सौंपने और रोष व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से निवेशक व प्रतिनिधि शामिल रहे, जिनमें सुशील शर्मा (पार्षद), नरेश जोशी (पार्षद), करन सिंह (पार्षद), उमेश लाल साह, बिशन प्रसाद, अजय नगाल (एडवोकेट) तथा शांति देवी सहित कई अन्य पीड़ित नागरिक मौजूद थे। पीड़ितों ने पुलिस से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।