Site icon Khabribox

पिथौरागढ़: अल्मोड़ा-थल मार्ग पर उफनते नाले में बहे स्कूटी सवार दो युवक, एक की मौत, दूसरा घायल

​पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में मूसलाधार बारिश एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। अल्मोड़ा-बेरीनाग-थल मोटर मार्ग पर रविवार देर रात उफान पर आए एक बरसाती नाले (गधेरे) के तेज बहाव में स्कूटी सवार दो युवक बह गए।

नाले में बही स्कूटी

मिली जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर निवासी दो युवक स्कूटी से पिथौरागढ़ की प्रसिद्ध दारमा वैली घूमने गए थे। रविवार देर रात वापसी के दौरान थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बरड़ बैंड के पास वे हादसे का शिकार हो गए। पानी का वेग इतना तेज था कि सड़क पार करने के प्रयास में स्कूटी सवार दोनों युवक वाहन समेत नाले के तेज बहाव में बह गए। रात का समय और सुनसान इलाका होने के कारण दुर्घटना की जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह होते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने नाले से एक युवक का शव बरामद कर लिया, जबकि दूसरे घायल युवक को सुरक्षित निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

Exit mobile version