Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: कर्तव्य की राह पर थमी सांसें, ड्यूटी से लौट रहे पुलिस जवान का सड़क हादसे में निधन, पुलिस ने नम आंखों से दी विदाई





अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद के भतरौजखान थाने में तैनात कांस्टेबल संजीव कुमार का सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया है।


शोक की लहर


मूल रूप से ग्राम शेरपुर (खेलमऊ), थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार के निवासी संजीव कुमार ड्यूटी से वापस लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। उनके निधन की खबर से पूरे अल्मोड़ा पुलिस परिवार में शोक की लहर है। जिस पर एसएसपी चंद्रशेखर घोडके सहित विभाग के उच्च अधिकारियों ने दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की



इतने वर्षों की उत्कृष्ट सेवा


​दिवंगत संजीव कुमार वर्ष 2002 में पुलिस विभाग में आरक्षी (कांस्टेबल) के पद पर भर्ती हुए थे। पिछले दो दशकों से अधिक के कार्यकाल में उन्होंने सदैव मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। पुलिस विभाग ने उनके योगदान को याद करते हुए इसे विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।


दी श्रद्धांजलि


चन्द्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा, अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह, सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट विनोद जोशी, थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार, थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद व अल्मोड़ा पुलिस बल द्वारा दिवंगत जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र, पुष्पाजंलि अर्पित कर नम आखों से श्रद्धाजंलि दी गई व उनके परिवारजनों को दुःख इस घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। एसएसपी अल्मोड़ा सहित अल्मोड़ा पुलिस बल ने दिवंगत जवान के पार्थिव शरीर को कंधा देकर दाह संस्कार/अंत्येष्टि हेतु गृह क्षेत्र भेजा गया।

Exit mobile version