Site icon Khabribox

रामनगर:  ​उत्तराखंड में लागू हो ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’, जॉइंट कमिश्नर से मिला टैक्स बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल, की यह मांग

रामनगर: रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने हल्द्वानी स्थित राज्य कर कार्यालय में जॉइंट कमिश्नर से मुलाकात कर व्यापारियों, करदाताओं और अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

की यह मांग

इस मौके पर अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज अंसारी एवं महासचिव एडवोकेट डॉ. मनु अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एक मांग पत्र भी सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया।‌ मुलाकात के दौरान अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज अंसारी ने रामनगर राज्य कर कार्यालय में एसआर (SIR) प्रक्रिया का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के चलते सीटीओ के कार्यमुक्त न हो पाने से विभागीय कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इन कार्यों को जल्द से जल्द सुचारु कराने की मांग की।

दिए सुझाव

​महासचिव एडवोकेट डॉ. मनु अग्रवाल ने सर्वे और अन्य विभागीय कार्यवाहियों के कारण व्यापारियों पर बन रहे मानसिक व आर्थिक दबाव का जिक्र करते हुए विभागीय प्रक्रियाओं को अधिक सरल और व्यावहारिक बनाने पर जोर दिया। वहीं, पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. पूरन चंद्र पाण्डेय ने अधिकारियों और व्यापारियों के बीच प्रशिक्षण व संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, जबकि सदस्य भूपाल रावत ने अधिकारियों से सीधे व्यापारियों की बैठक बुलाकर उनकी समस्याएं सुनने का सुझाव दिया।

​उत्तराखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की उठाई मांग

​एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एडवोकेट गुलरेज रज़ा ने मांग रखी कि किसी भी महत्वपूर्ण विभागीय कार्रवाई या नई व्यवस्था को लागू करने से पहले टैक्स बार और व्यापार मंडल को विश्वास में लिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान और तेलंगाना की तर्ज पर उत्तराखंड में भी ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ लागू करने की जोरदार पैरवी की, ताकि अधिवक्ताओं को सुरक्षा का प्रभावी कानूनी कवच मिल सके।

दिया आश्वासन

जॉइंट कमिश्नर ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई और समाधान का सकारात्मक आश्वासन दिया।

Exit mobile version