Site icon Khabribox

रामनगर: कोसी नदी के तट पर पहली बार गंगा तर्ज पर हुई भव्य महाआरती, बोले सीएम धामी, प्रकृति संरक्षण का ले संकल्प

​रामनगर: प्रसिद्ध गर्जिया (गिरिजा) देवी मंदिर परिसर स्थित कोसी नदी के तट पर बीते रविवार शाम एक ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यहाँ पहली बार हरिद्वार और काशी की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया।

महाआरती का आयोजन

जानकारी के अनुसार इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए नदियों की स्वच्छता व संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए मदन जोशी के संयोजन में रविवार शाम साढ़े छह बजे गर्जिया देवी मंदिर के पास कोसी नदी तट पर यह महाआरती आयोजित की गई। आयोजन के लिए कोसी नदी के निचले तट को फूलों की आकर्षक मालाओं और रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से सजाया गया था। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बने।

​दिया यह संदेश

सीएम ने कहा कि हमें यह संकल्प लेना होगा कि नदियों की पवित्रता बनाए रखने के साथ ही आने वाली पीढ़ी के लिए इस अमूल्य आध्यात्मिक धरोहर को सुरक्षित रखें।‌ उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने, समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कोसी तट से प्रेम, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश पूरे प्रदेश में जाना चाहिए।
​

Exit mobile version