Site icon Khabribox

रामनगर: दरांती लेकर बाघ से भिड़ गई निडर बहू, अदम्य साहस से बचाई सास की जान

रामनगर (नैनीताल): रामनगर के मोहान क्षेत्र स्थित कुनखेत गांव में एक बहू के अदम्य साहस और सूझबूझ से अपनी सास की जान बचाई ।

बाघ ने किया हमला

यह घटना बीते कल रविवार सुबह की है। जानकारी के मुताबिक जब कुनखेत गांव निवासी 65 वर्षीय बसंती देवी रविवार सुबह करीब नौ बजे अपनी बहू मोहनी देवी के साथ घर से महज 200 मीटर दूर एक रिसोर्ट के पास घास काटने गई थीं। बसंती देवी घास काट रही थीं और मोहनी उसे एकत्र कर रही थी, तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक बसंती देवी पर हमला कर उन्हें जमीन पर पटक दिया। सास को बाघ के पंजे में तड़पता देख मोहनी घबराने के बजाय निडरता से बाघ से भिड़ गई। उसने जोर-जोर से शोर मचाया और हाथ में पकड़ी दरांती से बाघ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। बहू के इस अचानक और साहसिक प्रतिरोध से बाघ घबराकर गुर्राता हुआ बसंती देवी को छोड़कर वापस घने जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ।

हायर सेंटर रेफर

​बाघ के हमले में बसंती देवी के सिर और माथे पर पंजों तथा दांतों के गहरे घाव आए हैं। जिसके बाद उन्हें राजकीय संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद वन विभाग ने उन्हें काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।


​सतर्कता बरतने की अपील

​उप प्रभागीय वनाधिकारी अंकित बडोला ने बताया कि हमलावर बाघ की पहचान और निगरानी के लिए घटनास्थल के आसपास ट्रैप कैमरे लगा दिए गए हैं। इसके साथ ही कुनखेत गांव और आसपास के क्षेत्रों में वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है।

Exit mobile version