रामनगर: क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे होमस्टे व्यवसाय को व्यवस्थित करने और संचालकों को कानूनी व प्रशासनिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन एक विशेष पहल करने जा रहा है। एसोसिएशन द्वारा आगामी सोमवार, 25 मई को सायं 4:00 बजे से टेड़ा ग्राम स्थित ‘स्पैरो नेस्ट होमस्टे’ में एक विधिक शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर का आयोजन
इस शिविर में अधिवक्ताओं और विभागीय विशेषज्ञों द्वारा होमस्टे संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इस संबंध में रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट पूरन चंद्र पांडे ने बताया कि रामनगर क्षेत्र के होमस्टे व्यवसाय में पंजीकरण प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों, खाद्य लाइसेंस तथा अन्य विभागीय औपचारिकताओं को लेकर संचालकों को काफी कठिनाइयां आ रही हैं। शासन द्वारा निर्धारित नियमों की पूरी जानकारी न होने के कारण संचालक परेशान हो रहे हैं, जिसके समाधान के लिए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।एसोसिएशन के उपसचिव मनु अग्रवाल ने कहा कि रामनगर एक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र है, जहाँ देश-विदेश से भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा, बेहतर सुविधाएं और सुव्यवस्थित पर्यटन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए होमस्टे संचालकों का नियमों और मानकों से अपडेट रहना बेहद जरूरी है।
जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की रहेगी मौजूदगी
विधिक शिविर को प्रभावी बनाने के लिए टैक्स बार एसोसिएशन ने प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारी की है। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष फ़िरोज़ अंसारी ने बताया कि शिविर में जिला पर्यटन विभाग, अग्निशमन विभाग तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, ताकि वे मौके पर ही नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दे सकें। इसी सिलसिले में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी (डीएम) नैनीताल को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी कार्यालय रामनगर में नायब तहसीलदार के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे, उपाध्यक्ष फिरोज अंसारी, मीडिया प्रभारी गुलरेज़ रज़ा और उपसचिव मनु अग्रवाल शामिल रहे।