Site icon Khabribox

अल्मोड़ा के युवा इंजीनियर रवि टम्टा का अनूठा कारनामा, एक साल की मेहनत से तैयार की ‘फ्लाइंग कार’, हवा में उड़कर दिखाया प्रोटोटाइप

अल्मोड़ा: ‘जरूरत ही आविष्कार की जननी होती है’—इस कहावत को उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के युवा इंजीनियर रवि टम्टा ने एक बार फिर सच साबित कर दिया है। सीमित संसाधनों और तमाम चुनौतियों के बावजूद रवि ने कड़ी मेहनत और जुनून के बल पर महज एक साल में ‘फ्लाइंग कार’ का प्रोटोटाइप तैयार कर लिया है और इसका सफल परीक्षण भी कर दिखाया है।


​पहाड़ के छोटे से गांव से खास उपलब्धि

​अल्मोड़ा जनपद के काफलीखान क्षेत्र के रहने वाले रवि टम्टा बचपन से ही कुछ नया करने की लगन रखते थे। बीते एक साल से वह अपनी इस उड़ने वाली कार के प्रोटोटाइप पर दिन-रात काम कर रहे थे। हाल ही में किए गए इसके सफल परीक्षण ने हवा में उड़ान भरकर सबको चौंका दिया। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि सरकार और प्रशासन की ओर से रवि को उचित मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग मिले, तो यह आविष्कार देश के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकता है।


​पहाड़ी क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगी तकनीक

​युवा आविष्कारक रवि टम्टा का कहना है कि उनकी यह फ्लाइंग कार भविष्य में पहाड़ी इलाकों की भौगोलिक समस्याओं का सबसे बड़ा समाधान बन सकती है। पहाड़ों में अक्सर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) और भारी बर्फबारी के कारण सड़कें बंद हो जाती हैं। ऐसी विपरीत परिस्थितियों में मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और जरूरी सामान भेजने में यह तकनीक बेहद कारगर होगी। रवि के अनुसार, उनके गांव से अल्मोड़ा जिला मुख्यालय की सड़क मार्ग से दूरी 40 किलोमीटर है, जिसे तय करने में डेढ़ घंटा लगता है। इस फ्लाइंग कार के जरिए वही दूरी महज 12 मिनट में पूरी की जा सकती है। ​उन्होंने बताया कि अभी इस तकनीक के व्यापक इस्तेमाल के लिए संबंधित विभागों से अनुमति लेनी बाकी है, जिसके बाद इसे बड़े स्तर पर परखा जाएगा।


​पहले भी कर चुके हैं कई अनोखे आविष्कार

​रवि टम्टा ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद से ही नए आविष्कार करने शुरू कर दिए थे।‌ रवि ने एक ऐसा जूता बनाया था, जिसे पहनकर चलने मात्र से मोबाइल फोन चार्ज किया जा सकता है। इलेक्ट्रोलाइट पंप के जरिए इलेक्ट्रिक वाहनों को केवल एक मिनट में फुल चार्ज किया जा सकता है। इको-फ्रेंडली स्मार्ट छड़ी से पहले उन्होंने बांस से एक स्मार्ट छड़ी तैयार की थी, जो वन विभाग के कर्मचारियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इस छड़ी में टॉर्च, ब्लिंकिंग लाइट, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, लोकेशन के लिए कंपास, खतरे के समय रेड लाइट सिग्नल और सोलर पैनल जैसी आधुनिक विशेषताएं हैं।

Exit mobile version