रुद्रप्रयाग: प्रसिद्ध कवि एवं लेखक सतपाल की नई पुस्तक ‘पूरा केदार दर्शन’ का हाल ही में भव्य विमोचन किया गया। यह पुस्तक रुद्रप्रयाग जिले की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को एक स्थान पर संजोने का एक अनूठा प्रयास है।
किया सम्मानित
इस समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि इसमें जिले के प्रसिद्ध धामों के साथ-साथ उपेक्षित व कम चर्चित तीर्थों और पर्यटन स्थलों की भी विस्तृत जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि अक्सर देश-विदेश के श्रद्धालु केवल केदारनाथ, मद्महेश्वर और तुंगनाथ तक ही सीमित रह जाते हैं, जबकि रुद्रप्रयाग में कई अन्य पौराणिक स्थल मौजूद हैं जिन्हें व्यापक पहचान की जरूरत है। जिला पंचायत सदस्य अजयवीर सिंह भंडारी सहित अन्य अतिथियों ने इस ग्रंथ को जिले की लोक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में मील का पत्थर बताया।
दी शानदार प्रस्तुति
विमोचन समारोह में महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान प्रस्तुत की गई ‘नंदा राजजात’ की झलक विशेष आकर्षण का केंद्र रही।