Site icon Khabribox

रूद्रप्रयाग: दीपावली पर आतिशबाजी से झुलसने की घटनाओं से निपटने को जिला अस्पताल तैयार, इमरजेंसी में 10 बेड का वार्ड आरक्षित, डॉक्टर बोले- बरतें सावधानी

​रुद्रप्रयाग: दीपावली पर्व पर पटाखों और आतिशबाजी के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

जिस पर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली हैं। जानकारी के अनुसार अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के तत्काल इलाज के लिए 10 बेड का विशेष बर्न वार्ड आरक्षित किया है। इमरजेंसी सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट रखने के साथ ही चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। झुलसने के इलाज से संबंधित सभी जरूरी दवाएं, मरहम और चिकित्सा सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा दी गई है। इस संबंध में जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि दीपावली पर झुलसने की घटनाओं की आशंका के मद्देनजर अग्रिम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आपात स्थिति में मरीजों को बिना किसी देरी के त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

​डॉक्टरों ने दी यह सलाह

चिकित्सकों ने आम जनमानस से त्योहार के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। डॉ. मनीष कुमार ने कहा कि अभिभावक बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और आतिशबाजी के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें। डॉ. कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति पटाखों से झुलस जाता है, तो प्रभावित जगह पर तेल, घी या कोई अन्य घरेलू पदार्थ बिल्कुल न लगाएं। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। झुलसने की स्थिति में मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं ताकि समय पर सही चिकित्सकीय उपचार मिल सके।

Exit mobile version