Site icon Khabribox

रुद्रप्रयाग: दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुकानों पर की छापेमारी, 5 खाद्य नमूने भरे, एक्सपायरी सामान नष्ट

​रुद्रप्रयाग: आगामी दीपावली और अन्य त्योहारों के दृष्टिगत रुद्रप्रयाग जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

की छापेमारी

जिस पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों पर चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत आज खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सिल्ली, अगस्त्यमुनि और विजयनगर क्षेत्र में कई खाद्य प्रतिष्ठानों, परचून-मिष्ठान दुकानों और डेयरी कारोबारियों के यहां औचक छापेमारी की। जिसमें सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) मनोज सेमवाल और फूड सुपरवाइजर सतवीर रावत के नेतृत्व में पहुंची जांच टीम ने मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की गहनता से भौतिक जांच की। इस निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर 5 अलग-अलग दुकानों से बालूशाही, गुलाब जामुन, बेसन के लड्डू, बीकानेरी बर्फी और गाय के दूध के नमूने (सैंपल) एकत्रित किए गए। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ट्रे पर एक्सपायरी डेट लिखना शुरू

जांच दल ने मिष्ठान विक्रेताओं द्वारा ट्रे पर मिठाइयों की निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करने के नियम की भी पड़ताल की, जो दुकानों पर लागू पाया गया। इस निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के मानकों में लापरवाही पाए जाने पर दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई। वहीं एक दुकान में जीरे के छोटे पाउच और पापड़ एक्सपायर (कालातीत) पाए गए। इस पर अधिकारियों ने संबंधित व्यापारी को जमकर फटकार लगाई और मौके पर ही एक्सपायरी सामान को नष्ट करवा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए त्योहारों के सीजन में यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Exit mobile version