Site icon Khabribox

रुद्रप्रयाग: भीषण सड़क हादसा: शादी समारोह में जा रहा इको वाहन खाई में गिरा, चालक समेत तीन की मौत, पांच लोग घायल

​रुद्रप्रयाग: जनपद के जखोली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अर्जुन बैंड के समीप एक अनियंत्रित इको वाहन गहरी खाई में जा गिरा।

खाई में गिरा वाहन

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार (22 नवंबर) दोपहर करीब 1 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कोतवाली रुद्रप्रयाग की चौकी जखोली क्षेत्रान्तर्गत अर्जुन बैंड के पास एक वाहन खाई में गिर गया है। दुर्घटनाग्रस्त इको वाहन (संख्या UK13TA-4410) शादी समारोह के सिलसिले में ग्राम कुरछोला से जखनोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे खाई में जा गिरा। इस हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और पुलिस कंट्रोल रूम हरकत में आया। तत्काल एसडीआरएफ (SDRF), डीडीआरएफ (DDRF) और स्थानीय पुलिस की टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इस भीषण दुर्घटना में वाहन चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।

​
​मृतकों की सूची

इस हादसे में तीन लोगों ने अपनी जान गंवाई है:
• ​विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41 वर्ष): पुत्र स्व. फते सिंह, निवासी ग्राम कुरछोला, तहसील जखोली (वाहन चालक)।
• ​बसंती देवी (52 वर्ष): पत्नी कार्तिक, निवासी ग्राम तैला, जिला रुद्रप्रयाग।
• ​सुनीता देवी (35 वर्ष): पत्नी भरत सिंह, निवासी ग्राम तैला, जिला रुद्रप्रयाग।
​घायलों का विवरण:
• ​गंभीर घायल: सतपाल सिंह (पुत्र सुंदर सिंह, निवासी ग्राम कुनियाली) को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर किया गया है।
• ​सामान्य घायल: ग्राम कुरछोला निवासी 15 वर्षीय शिवानी (पुत्री शूरवीर सिंह) और 13 वर्षीय दिव्यांशी (पुत्री राकेश सिंह रावत) का सीएचसी जखोली में उपचार चल रहा है। इसके अलावा जखोली बड़मा निवासी अंजलि (26 वर्ष) और कुनियाली निवासी सुमीता (पत्नी सतपाल) भी इस हादसे में घायल हुई हैं।

Exit mobile version