Site icon Khabribox

रूद्रप्रयाग: केदारताल में लापता 7 ट्रैकर्स और गाइड का अब तक सुराग नहीं, बर्फ में दबा मिला टेंट, खराब मौसम के दृष्टिगत सर्च ऑपरेशन स्थगित

​
रूद्रप्रयाग: केदारताल क्षेत्र में लापता हुए 7 ट्रैकर्स और उनके गाइड सिद्धार्थ राणा की तलाश में जुटी खोज टीम का अभियान जारी है।

चला अभियान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारी बर्फबारी, खराब मौसम और शून्य दृश्यता (ज़ीरो विजिबिलिटी) को देखते हुए गढ़वाल हिमालयन ट्रैकिंग एवं माउंटेनियरिंग एसोसिएशन ने पैदल सर्च ऑपरेशन को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया है।
एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य तमन रतूड़ी के नेतृत्व में नौ सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने भोज खरक और कच्ची ढांग-केदार खरक के दुर्गम इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीम को बर्फ में दबा हुआ एक टेंट मिला। टेंट के ऊपर जमी बर्फ हटाने पर अंदर से कपड़े, चप्पलें और राशन सामग्री बरामद हुई। सामान मिलने से अभियान को एक महत्वपूर्ण सुराग तो मिला, लेकिन लापता आठों लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

​मौसम बना सबसे बड़ी बाधा

क्षेत्र में हो रही लगातार भारी बर्फबारी और बेहद खराब मौसम ने खोज अभियान को बेहद जोखिम भरा बना दिया था। दृश्यता शून्य होने के कारण सर्च टीम के सदस्यों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराने लगा था, जिसके बाद अभियान रोकने का फैसला लेना पड़ा। गढ़वाल हिमालयन ट्रैकिंग एवं माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र सिंह राणा ने बताया कि नौ सदस्यीय टीम ने विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। फिलहाल लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए पैदल सर्च अभियान स्थगित कर दिया गया है। मौसम सामान्य होने और परिस्थितियों का आकलन करने के बाद आगे की खोजबीन पर निर्णय लिया जाएगा।

Exit mobile version