अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में सोमवार को एक बड़ी पहल की शुरुआत हुई। शहर में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘सर्विस कार्ट्स डॉट इन (ServiceCarts.in)’ का विधिवत उद्घाटन और वेबसाइट लॉन्चिंग समारोह आयोजित किया गया।
समारोह का आयोजन
इस नए डिजिटल मंच का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को दैनिक जीवन की तमाम घरेलू व व्यावसायिक सेवाओं को एक ही जगह पर आसानी से उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान कंपनी के संस्थापकों एवं सहयोगियों मे कुशल चौहान, मुकेश सिंह बनकोटी, गिरीश पंत, श्वेता उपाध्याय एवं उनकी टीम उपस्थित रही।
मिलेंगी ये तमाम सुविधाएँ
‘सर्विस कार्ट्स डॉट इन’ के माध्यम से आम जनता को अपनी जरूरत के अनुसार विभिन्न अनुभवी सेवा प्रदाताओं से जुड़ने का मौका मिलेगा। इस प्लेटफॉर्म पर मुख्य रूप से इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, कारपेंटर, पेंटर, बैग रिपेयरिंग, एसी और आरओ (RO) रिपेयरिंग, होम ट्यूटर, हाउस मेड (घरेलू सहायिका), लोडिंग मजदूर, योग प्रशिक्षक, स्थानीय कलाकार और टैक्सी सेवाएँ।
स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
अल्मोड़ा में इस डिजिटल पहल को स्थानीय कारीगरों, तकनीशियनों और छोटे व्यवसायियों के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। इससे न केवल स्थानीय हुनरमंदों को काम का नया जरिया मिलेगा, बल्कि आम लोगों को भी अपने घरों में ही हर छोटी-बड़ी समस्या का तुरंत समाधान मिल सकेगा। कंपनी ने वेबसाइट लॉन्च के साथ ही अल्मोड़ा में अपनी सेवाओं की औपचारिक शुरुआत कर दी है।