नैनीताल: छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। पुलिस प्रशासन ने कॉलेज परिसरों और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस अलर्ट मोड पर
चुनाव के दौरान किसी भी तरह की हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश को रोकने के लिए CCTV और ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार चेकिंग और निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट हिदायत दी है कि छात्रों की आड़ में यदि कोई हार्डकोर अपराधी, आपराधिक इतिहास वाला व्यक्ति या असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता पाया गया, तो उसे तत्काल हिरासत में लेकर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपराधिक तत्वों पर पुलिस का शिकंजा
अराजक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता भी मिली है। ITI गैंग के देवेंद्र बिष्ट पर कार्रवाई के बाद पुलिस ने धानमिल गैंग से जुड़े शिवम बिष्ट को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में खलल डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने दो टूक संदेश जारी किया है— “छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र का पर्व है, अपराधियों का मैदान नहीं। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।” प्रशासन ने छात्रों से भी अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया में भाग लें और किसी भी प्रकार के बहकावे या असामाजिक गतिविधियों का हिस्सा न बनें।