Site icon Khabribox

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट,देहरादून में 49 मामले दर्ज, 5 मौतें, अस्पतालों में आरक्षित किए गए बेड

उत्तराखंड: दिल्ली और राजस्थान के बाद अब उत्तराखंड में भी स्वाइन फ्लू (H1N1 इंफ्लूएंजा) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी अगस्त की शुरुआत से अब तक केवल देहरादून जिले में स्वाइन फ्लू के 49 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

स्वाइन फ्लू का अलर्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने और आम जनता को जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए हैं। दून अस्पताल के सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा के मुताबिक, कुल 49 मरीजों में से 34 देहरादून के मूल निवासी हैं, जबकि 15 मरीज अन्य जिलों व राज्यों से इलाज के लिए यहां आए हैं। फिलहाल 34 मरीज ठीक हो चुके हैं और 10 मरीजों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। वहीं 5 मरीजों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जान गंवाने वाले मरीज पहले से ही अन्य गंभीर बीमारियों से भी ग्रस्त थे। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए 10-10 बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। वहीं, हल्द्वानी स्थित एसटीएच (STH) में 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है।

प्रमुख लक्षण

• ​तेज बुखार, खांसी और गले में खराश
• ​नाक बहना या बंद होना
• ​सिरदर्द, शरीर व जोड़ों में दर्द, अत्यधिक थकान और ठंड लगना
• ​कुछ मामलों में उल्टी या दस्त की शिकायत

बचाव के तरीके

• ​खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रुमाल या टिशू से ढकें।
• ​हाथों को बार-बार साबुन और पानी से अच्छी तरह धोएं।
• ​भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और मास्क का प्रयोग करें।
• ​बीमार व्यक्तियों के सीधे संपर्क में आने से बचें।

Exit mobile version