Site icon Khabribox

टी20 सीरीज: इतिहास में पहली बार: सीरीज में एक भी मैच नहीं जीत सका भारत, इंग्लैंड ने 5वें टी20 में 56 रनों से हराया

​क्रिकेट जगत से जुड़ी खबर सामने आई है। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां व‌ आखिरी मुकाबला साउथहैंप्टन में खेला गया। जिसमें इंग्लैंड ने भारत को 56 रनों से हराया।

पांचवां टी20 मैच

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीरीज का पहला मुकाबला चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला गया था, जो बारिश के कारण बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गया था। 4 जुलाई (शनिवार) को मैनचेस्टर के एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में दूसरा टी20 मैच खेला गया। पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हरा दिया। तीसरे और चौथे मैच में भी इंग्लैंड ने भारत को शिकस्त दी थी। वहीं भारत और इंग्लैंड के बीच साउथहैंप्टन में खेले गए पांचवें टी-20 मैच में इंग्लैंड ने भारत को 56 रनों से करारी शिकस्त दी है। इसी के साथ इंग्लिश टीम ने सीरीज को 4-0 से अपने नाम कर लिया है। इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब तीन से अधिक मैचों की सीरीज में भारत 1 भी मैच नहीं जीता है। शनिवार, 11 जुलाई को खेले गए मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिस पर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने भारत के सामने 258 रनों का लक्ष्य रखा। निर्धारित 20 ओवरों में इंग्लिश टीम ने 257/3 बनाए। जोस बटलर ने 64 गेंदों में 12 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 131 रनों की पारी खेली। कप्तान हैरी ब्रुक 45 गेंदों में 4 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 95 रनों पर नाबाद रहे। फिल साल्ट 9 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हुए थे। जेकब बेथल पहली गेंद पर कैच आउट हो गए। विल जैक्स ने 2 गेंदों में 7 रनों की पारी खेली। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का 21 रनों के स्कोर पर अभिषेक शर्मा के रूप में पहला विकेट गिर गया। उन्होंने सिर्फ तीन रनों का योगदान दिया। इसके बाद संजू सैमसन 14 गेंदों में 27 रन बनाकर 55 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 55 रनों की साझेदीरी की लेकिन फिर कप्तान श्रेयस अय्यर 16 गेंदों में 28 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ईशान किशन ने 35 गेंदों में 56 रनों और तिलक वर्मा ने 25 गेंदों में 53 रनों की अर्धशतकीय पारी जरूर खेली। शिवम दुबे 14, शेडगे 7, अक्षर पटेल 3, अर्शदीप सिंह 4 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 रन बनाए। भारत निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना सका और 56 रनों से मुकाबला हार गया।

होगी बैठक

विश्व चैंपियन भारतीय टीम को आयरलैंड के बाद इंग्लैंड के हाथों भी टी20 सीरीज में करारी शिकस्त मिली है। आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से हारने के बाद, भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज 4-0 से हार गई। कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार 6 मैच हार चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक लगातार दो सीरीज हारने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) हरकत में आ गया है। जिस पर बोर्ड टीम के इस खराब प्रदर्शन की समीक्षा करने और इसके कारणों का पता लगाने के लिए एक बैठक करने जा रहा है।

भारत टीम

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा।

इंग्लैंड टीम

फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम कुरेन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टोंग।

Exit mobile version