Site icon Khabribox

तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड की घोषणा, 30 नवंबर को राष्ट्रपति द्वारा इन लोगों को किया जाएगा पुरस्कृत



केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने वर्ष 2021 के लिए “तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड” (TNNAA) नामक राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार की घोषणा कर दी है।

चार श्रेणियों में पुरस्कार

यह पुरस्कार चार श्रेणियों लैंड एडवेंचर, वॉटर एडवेंचर, एयर एडवेंचर और लाइफ टाइम अचीवमेंट में दिए जाते हैं। इस साल ग्रुप कैप्टन भवानी सिंह सम्याल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, शुभम धनंजय वनमाली को वाटर एडवेंचर और नैना धाकड़ को लैंड एडवेंचर पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष, युवा मामले के सचिव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय चयन समिति का गठन किया गया था। जिसमें साहसिक कार्य क्षेत्र के कई विशेषज्ञ शामिल थे। इस समिति की सिफारिशों के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गयी.

अर्जुन पुरस्कार विजेताओं के साथ किया जाएगा पुरस्कृत

तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड विजेताओं को 30 नवंबर 2022 को राष्ट्रपति भवन में अर्जुन पुरस्कार विजेताओं के साथ भारत के राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को कांस्य प्रतिमा, एक प्रमाण पत्र के साथ 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाती है।

इसलिये तेनजिंग नोर्गे के नाम पर है पुरस्कार

तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड का नाम तेनजिंग नोर्गे के नाम पर रखा गया है, जो साल 1953 में सर एडमंड हिलेरी के साथ माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने वाले पहले दो पर्वतारोहियों में से एक थे। तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार हर साल एडवेंचर के क्षेत्र में व्यक्तियों की उपलब्धियों को मान्यता देने, तथा युवाओं में जोखिम लेने की भावना विकसित करने के लिए साथ ही एडवेंचर गतिविधियों के लिए युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए दिए जाते हैं।

Exit mobile version