हल्द्वानी: उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और देव परंपरा की संवाहक 27वीं श्री विश्वनाथ मां जगदीशिला देव दर्शन डोली यात्रा अप्रैल माह से शुरू होगी।
28 अप्रैल से निकलेगी यात्रा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हल्द्वानी के सत्यनारायण मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री प्रसाद नैथानी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पवित्र यात्रा 28 अप्रैल से शुरू होकर 25 मई तक चलेगी। बताया कि 28 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन टिहरी गढ़वाल के पवित्र विशोन पर्वत पर होगा। यह डोली प्रतिदिन लगभग 12 किमी पैदल चलती है। रथ के माध्यम से अब तक यह यात्रा करीब 2.85 लाख किमी की दूरी तय कर चुकी है। पूर्व मंत्री नैथानी ने इसे केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जीवंत संस्कृति और लोक आस्था का विराट उत्सव बताया।
नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने का प्रयास
कार्यक्रम में मौजूद केदार पलड़िया ने कहा कि यह यात्रा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और पहचान से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, कुमाऊं मंडल संयोजक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।