अल्मोड़ा: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज रविवार को अल्मोड़ा स्थित मल्ला महल में “वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Aging)” थीम पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन
इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय टम्टा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में सांसद अजय टम्टा ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन की आधारशिला है तथा इसके माध्यम से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में लोगों ने किया प्रतिभाग
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 515 लोगों ने प्रतिभाग किया। एसएसबी, योग निलयम, गायत्री परिवार, ग्रीन फाउंडेशन, आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योगपीठ, मानसखंड, नमामि गंगे, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा आमजन ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान योग साधकों द्वारा विशेष योग प्रदर्शनों की प्रस्तुति भी दी गई। विभाग की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पौधे भेंट किए गए।
रहें उपस्थित
कार्यक्रम में राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलखवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, योग प्रशिक्षक, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।