Site icon Khabribox

हल्द्वानी में गूंजेगा अंतरिक्ष का स्वर, यूनिवर्सल स्कूल में मनाया जाएगा दूसरा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस, होंगे भव्य कार्यक्रम भी

हल्द्वानी से जुड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय संचार ब्यूरो, नैनीताल यूनिवर्सल सीनियर सेकेंडरी कान्वेंट स्कूल हल्द्वानी में द्वितीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाने जा रहा है।

प्रतियोगिता का आयोजन

जिसमें पूर्व प्रचार गतिविधियों में भाषण, गीत और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें बच्चों ने अंतरिक्ष से जुड़े अपने विचार और रचनात्मकता को मंच पर उतारा। भाषण प्रतियोगिता का जजमेंट श्रद्धा गुरुरानी तिवारी और डॉ. दीपा जोशी ने किया। गायन प्रतियोगिता के निर्णायक गोपेश बिष्ट और शोभा चारक रहे। चित्रकला प्रतियोगिता का मूल्यांकन  भास्कर जोशी और शर्मिष्ठा बिष्ट ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन

कार्यक्रम संयोजक आनंद बिष्ट ने बताया कि आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे। एरीज के वरिष्ठ वैज्ञानिक व ‘कौन बनेगा करोड़पति’ फेम डॉ. मोहित जोशी, जो छात्रों से भारत की अंतरिक्ष यात्रा पर चर्चा करेंगे। वहीं डॉ. नवल लोहनी फिजिक्स के जरिये धरती से परे भारत की उपलब्धियों पर विशेष प्रेजेंटेशन देंगे। विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शंकर कोरंगा, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री, अति विशिष्ट अतिथि अनिल डब्बू और विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रियंका जोशी मौजूद रहेंगे।क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज भट्ट ने बताया कि विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरे आयोजन को और रंगारंग बनाएंगे।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की पृष्ठभूमि

भारत सरकार ने 2023 से 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया। इसी दिन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरा था। यह उपलब्धि भारत को इतिहास में उन चुनिंदा देशों की कतार में ले आई, जिन्होंने चाँद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग कराई। इस दिन का उद्देश्य छात्रों और युवाओं में विज्ञान और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के प्रति जिज्ञासा जगाना और उन्हें नए नवाचारों की ओर प्रेरित करना है।

Exit mobile version