Site icon Khabribox

अल्मोड़ा में पर्यटन विकास को पंख: पिनाथ ईको ट्रेक के लिए 10 लाख स्वीकृत, मल्ला महल कैफे जल्द होगा शुरू


अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज मंगलवार को जिला पर्यटन विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में जनपद में पर्यटन के विस्तार, आधारभूत सुविधाओं के निर्माण और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़ी कई योजनाओं पर विस्तृत चर्चा के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्य स्वीकृतियां दी गईं। होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष अरुण वर्मा द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए समिति ने ट्रेक के विकास हेतु वन विभाग को 10 लाख रुपये आवंटित किए। इससे साहसिक व प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। नगर क्षेत्र में स्वच्छता और सुविधा विस्तार के लिए दो सामुदायिक शौचालयों के निर्माण हेतु 5-5 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
​ऐतिहासिक बाजार का सौंदर्यीकरण

​बैठक के दौरान अल्मोड़ा नगर के प्राचीन एवं ऐतिहासिक बाजार के सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर काम शुरू करने को कहा। इसके अलावा, जिलाधिकारी ने मल्ला महल कैफ़े एवं म्यूज़ियम के संचालन की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मल्ला महल अल्मोड़ा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है। इसका संचालन शुरू होने से यहाँ आने वाले पर्यटकों को जनपद की समृद्ध विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

​रहे मौजूद

​समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह व प्रदीप धौलाखंडी, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण वर्मा, पार्षद अर्जुन बिष्ट, अमित साह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Exit mobile version