Site icon Khabribox

अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: घर से महज 1 किमी पहले काल बनी मैक्स, खाई में गिरने से मां-बेटी और चालक की मौत

​धौलछीना (अल्मोड़ा): विकासखंड भैंसियाछाना के हरड़ा गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई।

खाई में गिरा वाहन

जानकारी के अनुसार भाई दूज का त्योहार मनाकर लौट रही मैक्स जीप हरड़ा गांव से करीब एक किलोमीटर आगे अनियंत्रित होकर लगभग 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हरड़ा निवासी बसंती गैड़ा (48) पत्नी हिम्मत सिंह गैड़ा अपनी 15 वर्षीय पुत्री अंजली गैड़ा और गांव की अन्य महिलाओं के साथ बुधवार सुबह पिथौरागढ़ के पाली गांव भाई दूज मनाने गई थीं। देर शाम सभी लोग मैक्स वाहन से वापस लौट रहे थे। हरड़ा गांव पहुंचने से पहले वाहन में सवार अन्य महिलाएं अपने-अपने गांवों में उतर गईं। इसके बाद वाहन में केवल बसंती गैड़ा, उनकी पुत्री अंजली और वाहन चालक हयात सिंह (सूरज) (28) पुत्र स्व. शेर सिंह (निवासी न्योली हरड़ा) ही बचे, जिन्हें न्योली की ओर जाना था। इसी दौरान हरड़ा से लगभग एक किलोमीटर आगे वाहन अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा।

​रातभर नहीं लगी भनक

घटनास्थल एकांत में होने के कारण रातभर हादसे की किसी को भनक नहीं लगी। गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने वाहन को खाई में देखा तो उनके होश उड़ गए। ग्राम प्रधान जितेंद्र रावत ने तुरंत धौलछीना पुलिस और 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर खाई से तीनों शवों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

​परिवार में मचा कोहराम

इस भीषण हादसे ने एक हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया। घर में मां-बेटी के लौटने का इंतजार हो रहा था, लेकिन सुबह उनकी मौत की खबर पहुंची। बसंती गैड़ा के पति हिम्मत सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। उनका बड़ा बेटा चंदन सिंह उदयपुर में निजी नौकरी करता है, जबकि 17 वर्षीय छोटा बेटा मोहन सिंह घर पर ही रहता है। मृतका अंजली राजकीय इंटर कॉलेज नैनी चौगर्खा में कक्षा 9 की छात्रा थी।

Exit mobile version