Site icon Khabribox

रेलवे ट्रैक पर गश्त के दौरान दो पुलिसकर्मी आए ट्रेन की चपेट में, मौत

आनंद विहार रेलवे स्टेशन के रेलवे यार्ड के पास बुधवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से दो रेलवे पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।

दोनों पुलिसकर्मी ट्रैक पर कर रहे थे गश्त

जानकारी के मुताबिक दोनों पुलिसकर्मी ट्रैक पर गश्त कर रहे थे। तभी दोनों पीछे से आ रही देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन के गुजर जाने के बाद अन्य़ पुलिसकर्मियों ने हादसे की सूचना आनंद विहार रेलवे थाना पुलिस को दी। रेलवे थाना पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृत पुलिसकर्मियों की पहचान 58 वर्षीय हेडकांस्टेबल कैलाश चंद और 28 वर्षीय कांस्टेबल रंजन कुमार के रूप में हुई है।कैलाश चंद अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रहते थे और 2016 से आनंद विहार आरपीएफ में तैनात थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश बुलंदशहर के रहने वाले थे। वहीं रंजन कुमार आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बैरक में रहते थे। वह मूलरूप से गया, बिहार के रहने वाले थे। अभी उनकी शादी नहीं हुई थी और वह पिछले दो साल से रेलवे की 10वीं बटालियन आरपीएसएफ में तैनात थे।बुधवार रात दोनों पेट्रोलिंग के लिए एक साथ निकले थे। दोनों आनंद विहार से चंद्र विहार रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कडक़डड़ूमा नाले पर रेलवे यार्ड के पास नई दिल्ली से गाजियाबाद की ओर जा रही देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में दोनों पुलिसकर्मी आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

शताब्दी एक्सप्रेस के चालक से की गई पूछताछ

हादसे के बाद पुलिस ने देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस के चालक मलखान सिंह से पूछताछ की। चालक ने बताया कि वह अप लाइन से गाजियाबाद की ओर जाने वाली डाउन ट्रैक पर थे। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर आ रही ट्रेन को देखकर दोनों पुलिसकमियों को फ्लैश लाइट से इशारा दिया गया और हॉर्न भी बजाया गया। लेकिन, पुलिसकर्मी तेज गति से आ रही देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस को नहीं देख पाए। जिसके चलते हादसा हो गया।

Exit mobile version